Bengaluru Robbery Case: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में दिनदहाड़े लूट की एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। इंदिरानगर की एक दुकान में घुसे बदमाश ने महिला कर्मचारी को चाकू दिखाकर धमकाया। इसके बाद उसके दोनों हाथ फेविक्विक से मेज पर चिपका दिए और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। आरोपी ने महिला के गले से करीब 4.5 लाख रुपये कीमत की सोने की मंगलसूत्र चेन लूट ली। 31 अक्टूबर को हुई इस वारदात के मामले में पुलिस ने 40 वर्षीय आरोपी प्रभुराज उर्फ राज को गिरफ्तार कर लिया है।
Bengaluru Robbery Case: हेलमेट पहनकर दुकान में घुसा बदमाश
पुलिस के मुताबिक, डोमलूर की रहने वाली 23 वर्षीय जयश्री एस पिछले तीन साल से इंदिरानगर की 100 फीट रोड स्थित प्रीमियम शू एंड बैग रिपेयर दुकान में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम कर रही हैं।
31 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जयश्री दुकान खोलकर अपना काम कर रही थीं। इसी दौरान हेलमेट और दस्ताने पहने एक व्यक्ति अचानक दुकान में घुस आया। उसने रिसेप्शन काउंटर पार किया और जयश्री को चुप रहने की धमकी दी।
आरोपी ने कहा कि कोई उसे मारने आ रहा है और अगर उन्होंने शोर मचाया तो वह उन्हें जान से मार देगा। डर के कारण जयश्री ने दुकान के मालिक रंजीत को फोन करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन्हें कुर्सी पर बैठा दिया और बैग से चाकू निकाल लिया।
फेविक्विक से मेज पर चिपकाए दोनों हाथ
आरोपी ने जयश्री का मुंह बंद किया और उनके गले तथा हाथों पर चाकू से हमला किया। इसके बाद उसने उनके दोनों हाथों पर फेविक्विक लगाकर मेज से चिपका दिए। महिला मदद के लिए आवाज न लगा सके, इसलिए मेज पर रखा कपड़ा उनके मुंह में ठूंस दिया।
इसके बाद बदमाश ने जयश्री के गले से करीब 35 ग्राम वजन की सोने की मंगलसूत्र चेन जबरन उतार ली। इसकी बाजार कीमत करीब 4.5 लाख रुपये बताई गई है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान से भागने लगा। इसी दौरान जयश्री किसी तरह अपने हाथ छुड़ाने में कामयाब रहीं और मदद के लिए चिल्लाने लगीं।
बाल पकड़कर वापस दुकान में खींचा
जयश्री की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दुकान की तरफ दौड़े। लेकिन आरोपी ने उन्हें छोड़ने के बजाय उनके बाल पकड़कर वापस दुकान के अंदर खींच लिया। इसके बाद उनकी गर्दन पर चाकू रखकर बाहर मौजूद लोगों को रोकने की धमकी दी।
इस बीच दुकान के मालिक रंजीत कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने और आसपास के लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। बदमाश ने चाकू लहराते हुए रंजीत पर भी हमला कर दिया।
इसके बाद वह जयश्री को दुकान से बाहर खींचते हुए लूटी गई चेन लेकर भागने लगा।
यातायात पुलिसकर्मियों की मदद से पकड़ा गया आरोपी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों और यातायात पुलिसकर्मियों ने आरोपी का पीछा किया। काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया। उसकी पहचान 40 वर्षीय प्रभुराज उर्फ राज के रूप में हुई है।
जयश्री की शिकायत पर इंदिरानगर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

