Kanpur Student Harassment Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बीएससी छात्रा को परेशान करने और उसकी निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक छात्रा पर शादी करने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने छात्रा की निजी तस्वीरें उसके पिता, भाई और रिश्तेदारों को भी भेज दीं। आरोपी ने परिवार को पांच लाख रुपये खर्च कर जान से मरवाने की धमकी भी दी। लगातार धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान छात्रा को अपनी पढ़ाई तक छोड़नी पड़ गई। दो थानों में शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर छात्रा ने पुलिस आयुक्त से गुहार लगाई। उनके निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोचिंग में हुई मुलाकात, शादी का दिया भरोसा
जानकारी के अनुसार, बिल्हौर निवासी छात्रा कल्याणपुर स्थित एक महाविद्यालय से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। इसके साथ ही वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। इसी दौरान कोचिंग में उसकी मुलाकात कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई।
आरोप है कि दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हुई। युवक ने धीरे-धीरे छात्रा से नजदीकियां बढ़ाईं और कॉलेज आने-जाने के दौरान उसे घुमाने लगा। साथ ही बालिग होने पर शादी करने का भरोसा दिया।
होटल में निजी तस्वीरें खींचने और दुष्कर्म के प्रयास का आरोप
छात्रा ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में बताया कि मार्च 2025 में युवक उसे कल्याणपुर जीटी रोड स्थित एक होटल ले गया था। आरोप है कि वहां उसकी मर्जी के बिना निजी तस्वीरें खींच ली गईं। इसके बाद युवक उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा।
छात्रा के मुताबिक, जून 2026 में आरोपी उसे शिवली स्थित दिल्ली ढाबे पर ले गया। वहां एक कमरे में बंद कर दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट की और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी।
‘न पढ़ने दूंगा, न घर बसने दूंगा’
छात्रा का आरोप है कि कुछ दिन बाद युवक ने उसे फिर शिवली बुलाया और आर्य समाज मंदिर में शादी करने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने इनकार किया तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को धमकाया।
आरोप के मुताबिक, युवक ने कहा कि वह न तो उसे पढ़ने देगा और न ही उसका घर बसने देगा। उसने पांच लाख रुपये खर्च कर पूरे परिवार को जान से मरवाने की धमकी भी दी।
इसके बाद आरोपी ने छात्रा की निजी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर दीं। इतना ही नहीं, तस्वीरें उसके पिता, भाई और रिश्तेदारों के मोबाइल पर भी भेज दी गईं। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक परेशानी के चलते छात्रा को अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी।
दो थानों में शिकायत के बाद पुलिस आयुक्त से लगाई गुहार
छात्रा के मुताबिक, उसने सबसे पहले 3 अक्टूबर को बिल्हौर थाने में शिकायत दी थी। इसके बाद 11 अक्टूबर को कल्याणपुर थाने में भी शिकायत की, लेकिन उसे कार्रवाई नहीं होने का आरोप है।
आखिरकार छात्रा ने पुलिस आयुक्त से न्याय की गुहार लगाई। इसके बाद पुलिस आयुक्त के निर्देश पर कल्याणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
एसीपी कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। निजी तस्वीरें वायरल करने, शादी के लिए दबाव बनाने और परिवार को धमकी देने से जुड़े आरोपों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

